सोलन, 17 नवंबर 2025 — कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने धर्मपुर में आज एंटी चिट्टा अभियान का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित युवाओं और अन्य लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए कड़े कदम उठा रही है ताकि प्रदेश का भविष्य उज्जवल हो सके।
विधायक ने बताया कि इस आंदोलन का उद्देश्य नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को नशे से दूर रखना और नशा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में मादक पदार्थ चिट्टे के खिलाफ एक जन आंदोलन शुरू किया गया है, जिसके तहत प्रदेश भर में सघन अभियान चलाये जा रहे हैं।
विनोद सुल्तानपुरी ने युवाओं से आग्रह किया कि वे नशे से दूर रहें और अपनी ऊर्जा का सदुपयोग करें। उन्होंने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और हस्ताक्षर पट्टिका पर भी हस्ताक्षर किए।
कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने चिट्टे के दुष्प्रभावों पर लघु नाटिका और कविता पाठ प्रस्तुत किया। उपमंडलाधिकारी कसौली महेन्द्र प्रताप सिंह, जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
