Enoxx News Himachal

हिमाचल दोपहर – 17 नवंबर 2025 | आज दोपहर की हिमाचल प्रदेश की बड़ी खबरें

himachal-headlines-17-november-afternoon

राज्य सूचना आयोग को भी शिमला से कांगड़ा शिफ्ट करने की तैयारी हिमाचल प्रदेश में राज्य सूचना आयोग को शिमला से कांगड़ा स्थानांतरित करने की तैयारी चल रही है। कहा जा रहा है कि आयोग का नया मुख्यालय नगरोटा बगवां में स्थापित किया जा सकता है और 24 नवंबर को प्रस्तावित राज्य मंत्रिमंडल बैठक में इस पर निर्णय लिया जा सकता है। इससे पहले राज्य पर्यटन निगम, वन्य प्राणी विंग, रेरा और नशा निवारण बोर्ड जैसे कई सरकारी विभागों के कार्यालय भी राजधानी से कांगड़ा स्थानांतरित किए जा चुके हैं।वर्तमान में राज्य सूचना आयोग का कार्यालय शिमला के खलीणी क्षेत्र में स्थित है, जहां मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्त बैठते हैं।

सरकारी कॉलेजों में अब ऐप से ही होगी हाज़िरी अनिवार्य हिमाचल प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में अब प्राध्यापकों को मोबाइल एप के माध्यम से ही हाजिरी लगानी होगी। उच्च शिक्षा निदेशालय ने जियोफेंस आधारित बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम को लेकर उठे सवालों पर विस्तृत स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि यह व्यवस्था पूर्णतः सुरक्षित है और इससे किसी की निजता का हनन नहीं होगा।प्राध्यापक संघ ने इस मोबाइल-अटेंडेंस सिस्टम का विरोध करते हुए इसे निजता का उल्लंघन बताया था। इस पर डिजिटल टेक्नोलॉजी और गवर्नेंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐप पूरी तरह सुरक्षित है। यदि किसी प्राध्यापक का मोबाइल फोन खो जाता है या एप काम नहीं करता, तो वह किसी सहकर्मी के मोबाइल से अपने Him Access ID और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन कर उपस्थिति दर्ज कर सकता है।

जुमे की नमाज़ रोकी—देवभूमि संघर्ष समिति के सदस्यों पर FIR दर्ज शिमला के संजौली क्षेत्र में मस्जिद विवाद को लेकर हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद जाने वाले रास्ते को रोकने के मामले में पुलिस ने देवभूमि संघर्ष समिति के छह लोगों को आरोपी बनायाऔर उनपर एफआईआर भी दर्ज कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है।दरअसल, 14 नवंबर को स्थानीय महिलाओं और देवभूमि संघर्ष समिति के सदस्यों ने मस्जिद के बाहर प्रदर्शन करते हुए नमाज के लिए आने वाले लोगों को रोक दिया था।इसी विवाद को लेकर देवभूमि संघर्ष समिति के लोगो पर FIR दर्ज की गयी है।

संजौली में क्रेटा गाड़ी ने कार को मारी टक्कर, मासूम की मौत, 2 घाय़ल शिमला के संजौली क्षेत्र में 16 नवंबर दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसा चलौंठी क्षेत्र में उस समय हुआ जब तेज रफ्तार क्रेटा कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे पार्क की गई कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन वर्षीय राघव रावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्ची और 20 वर्षीय युवक घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही संजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वन भूमि में डंपिंग से रोका तो बीओ और वनरक्षक पर कर दिया हमला मंडी के कोटली क्षेत्र में वन विभाग की टीम पर अवैध डंपिंग रोकने पर बदसलूकी और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। सतोहल में ठेकेदार बीरी सिंह के निर्माण कार्य से निकली मिट्टी और मलबा वन भूमि में डंप किया जा रहा था। 8 नवंबर को चेतावनी के बावजूद डंपिंग जारी रही। 15 नवंबर रात बीट अफसर राकेश और रक्षक सुरेंद्र पाल ने फिर डंपिंग होते देख वीडियो बनाने की कोशिश की, तो ठेकेदार के सहयोगी भूपेंद्र ने धमकाया और हाथापाई की। कर्मचारियों ने तुरंत अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। 16 नवंबर को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। एएसपी अभिमन्यु वर्मा के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

Exit mobile version