केलांग, 13 नवंबर 2025 — जिला लाहौल-स्पीति के केलांग स्थित उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्त्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त किरण भड़ाना ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही रिपोर्ट के प्रस्तुतीकरण से हुई। इसमें सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उपाय, क्रैश बैरियरों की स्थापना तथा दुर्घटनास्थल/ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने पर चर्चा हुई। उपायुक्त किरण भड़ाना ने सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता जताई और सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा के लिए तुरंत ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने बीआरओ और लोक निर्माण विभाग को सड़क सुरक्षा से जुड़े सुधार कार्यों को जल्दी से जल्दी लागू करने के निर्देश दिए, जिस पर दोनों विभागों के प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि बैठक में दी गई सभी सिफारिशों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाएगा।

पुलिस विभाग को सख्त निर्देश दिए गए कि वाहनों की गति सीमा का ठीक से पालन करवाएं और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं में कमी लाई जा सके। स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देशित किया गया कि दुर्घटना की स्थिति में तुरंत और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा आपदा प्रबंधन के लिए बीआरओ के साथ तालमेल बनाए रखा जाए। एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन साधनों को हमेशा सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि टैक्सी और अन्य व्यवसायिक वाहनों की नियमित जांच हो और ओवरलोडिंग जैसी यातायात सम्बंधित समस्याओं का समाधान किया जाए। हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रतिनिधियों ने कुछ क्षेत्रों की खराब सड़क स्थिति पर चिंता जताई, जिसे बीआरओ और लोक निर्माण विभाग ने शीघ्र सुलझाने का आश्वासन दिया।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, सहायक आयुक्त अजय कुमार सिंह, बीडीओ डॉ. विवेक गुलेरिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोशन लाल, आरटीओ, बीआरओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता दिखाते हुए दिए गए निर्देशों को निश्चित समयसीमा में लागू करने का पूरा भरोसा जताया।
रिपोर्ट: प्रिया शर्मा, कुल्लू
Discover more from Enoxx News Himachal
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
स्मार्ट मीटर पर विरोध के बीच बड़ा फैसला, पहले बिजली बोर्ड कर्मचारियों के घर लगेंगे मीटर | Himachal
