शिमला के भटाकुफर स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल (GSSS) में आज नशा मुक्त भारत अभियान के पांचवें वार्षिक समारोह के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल प्राचार्य श्री केवल राम चौहान और तहसील कल्याण अधिकारी शिमला (ग्रामीण) सहित नशा मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी सतिश शर्मा द्वारा छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।
विद्यालय के कुल 250 छात्रों ने इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम में एक जागरूकता पदयात्रा (वॉकाथॉन) का आयोजन किया गया, जो स्कूल से शुरू होकर भटाकुफर बाजार तक गई। इसके बाद चित्रकला प्रतियोगिता, नारे लेखन, और लड़कियों-लड़कों के लिए 100 मीटर और 800 मीटर की दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कक्षा 9 से 12 के छात्रों के बीच रस्साकशी प्रतियोगिता रखी गई, जिसके बाद वरिष्ठ और कनिष्ठ दोनों आयु वर्ग की लड़कियों और लड़कों ने भी रस्साकशी का आनंद लिया। रंगोली प्रतियोगिता भी सफलतापूर्वक आयोजित हुई। कक्षा 9 और 10 के दस छात्रों ने नशा मुक्त भारत अभियान का संदेश फैलाने वाला नाटक प्रस्तुत किया, जबकि स्कूल की लड़कियों ने नाटी नृत्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार दिए गए और नाटक, नाटी तथा सरस्वती वंदना में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। जिला कल्याण अधिकारी कपिल शर्मा ने स्कूल प्रबंधन टीम का सम्मान किया। कार्यक्रम का समापन जिला कल्याण अधिकारी कपिल शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन और छात्रों के बीच नशा मुक्त भारत अभियान का संदेश फैलाने के साथ हुआ।