9 से 13 अप्रैल 2025 तक छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में होगा आयोजन
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव औँद की रहने वाली रागनी देवी अस्मिता ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। वह खेलो इंडिया राष्ट्रीय पेचक सिलाट प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 9 से 13 अप्रैल 2025 तक बिलासपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग लेंगे।

छोटी उम्र में बड़ी उपलब्धि
रागनी देवी इस प्रतियोगिता में सब-जूनियर वर्ग में हिस्सा लेंगी। महज छठी कक्षा की छात्रा रागनी शिवा मॉडल स्कूल, कोपड़ा में पढ़ाई कर रही हैं और स्कूल के बाद हेमांग मार्शल आर्ट एकेडमी, नूरपुर में प्रशिक्षण लेती हैं। अपनी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने 2024 में राज्य स्तरीय पेचक सिलाट प्रतियोगिता (मंडी, हिमाचल प्रदेश) में गोल्ड मेडल और राष्ट्रीय स्तर पर श्रीनगर में आयोजित प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। इन्हीं उपलब्धियों के चलते उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

परिवार और गांव में खुशी की लहर
रागनी के पिता व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। उनका एक भाई भी है, जो पढ़ाई कर रहा है। रागनी की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, स्कूल स्टाफ और गांववासियों में खुशी की लहर है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
रागनी देवी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच, माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि उनका सपना राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तरपर पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश और देश का नाम रोशन करना है। अब सभी की निगाहें अप्रैल में होने वाली इस प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां रागनी अपने शानदार प्रदर्शन से हिमाचल प्रदेश के लिए एक और पदक जीतने की कोशिश करेंगी।
Discover more from Enoxx News Himachal
Subscribe to get the latest posts sent to your email.