राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 मई से 9 मई तक हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। उनके इस दौरे में शिमला, मंडी और रोहतांग टनल जैसी प्रमुख जगहों का भ्रमण शामिल है। 5 मई को वह दिल्ली से शिमला पहुंचेंगी और फिर मंडी जाएंगी, जहां आईआईटी मंडी के 15 वर्षों की विकास यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष समारोह में मुख्य अतिथि होंगी।

आईआईटी मंडी विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में अपनी तेजी से उभरती पहचान के लिए जाना जाता है। इससे पहले फरवरी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी संस्थान के 16वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में भाग लिया था। अब राष्ट्रपति की मौजूदगी इस उपलब्धि को और भी खास बनाने जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रपति रोहतांग टनल का भी दौरा कर सकती हैं। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों की एक टीम पहले ही शिमला पहुंचकर सभी पहलुओं की समीक्षा कर चुकी है। मंडी की यह उनकी पहली यात्रा होगी, जहां वह आईआईटी के अलावा प्रोटोकॉल के अनुसार अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगी।