रामपुर क्षेत्र के मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के लिए पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, रामपुर में आज मेधावी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिरकत की और क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों — राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तकलेच, रामपुर, झाकड़ी, रामपुर (बालिका), रचौली, ज्यूरी, सनशाइन पब्लिक स्कूल रामपुर, डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल दत्तनगर, ज्यूरी पब्लिक स्कूल ज्यूरी तथा सर्वपल्ली बी.एड. कॉलेज नोगली — के लगभग 300 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकारी और निजी दोनों प्रकार के शिक्षण संस्थान उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, इसलिए सभी को समान दृष्टि से देखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर जीवन के व्यावहारिक अनुभवों से भी सीखें। मंत्री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक बनकर समाज में सकारात्मक योगदान देना है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भारत एक सशक्त और लोकतांत्रिक देश है, जिसका श्रेय हमारे संविधान की दृढ़ता और नागरिकों की सजगता को जाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें।

उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति, परंपरा और विरासत की रक्षा भी उतनी ही आवश्यक है, क्योंकि यही हमारी पहचान है। हिमाचल प्रदेश देवभूमि के रूप में प्रसिद्ध है और यह हमारी साझा आस्था व संस्कारों का प्रतीक है, जिसे नई पीढ़ी को आगे बढ़ाना चाहिए।
अपने संबोधन में मंत्री ने रामपुर के ऐतिहासिक लवी मेले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह मेला सदियों से व्यापार, संस्कृति और सौहार्द का प्रतीक रहा है, जिसकी शुरुआत महाराजा केहरी सिंह के समय हुई थी, और आज भी यह रामपुर क्षेत्र की पहचान बना हुआ है।
अंत में मंत्री ने सभी छात्रों, शिक्षकों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी (नागरिक) हर्ष अमरिंदर सिंह, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश वर्मा, एडवोकेट डी.डी. कश्यप, राजेश गुप्ता सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के अध्यापक, छात्र और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Discover more from Enoxx News Himachal
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
स्मार्ट मीटर पर विरोध के बीच बड़ा फैसला, पहले बिजली बोर्ड कर्मचारियों के घर लगेंगे मीटर | Himachal
